एटा में रोडवेज बस व टेंपो की आमने-सामने टक्कर,दो की मौत
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान टेंपो में सात सवारियां बैठी थी, जो गंभीर रूप से घायल हो गये
घायलों के हाल-चाल लेने सीओ सदर कृतिका सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंची और घटना के संबंध में भी जानकारी ली
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रविवार को जैथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एटा अलीगंज रोड पर रोडवेज बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जैथरा थाना क्षेत्र में अलीगंज की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने धुमरी से जैथरा की ओर जा रहे टेंपो में टक्कर मार दी। इस आमने-सामने की भीषण टक्कर में टेंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई और पांच सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान टेंपो में सात सवारियां बैठी थी, जो गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जैथरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और एटा अलीगंज मार्ग पर यातायात सुचारु किया। सीएचसी में घायलों की गंभीर अवस्था को देखते हुए उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गीतम सिंह(45) पुत्र दिवाली लाल निवासी पटियाली और सुक्का(40) पत्नी शकीरा निवासी झुमरा (जैथरा) के रूप में हुई है। वहीं सुदामा (35), कृष्णा (8), रेखा (28), नंदकिशोर और चंद्रपाल(45) गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों के हाल-चाल लेने सीओ सदर कृतिका सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंची और घटना के संबंध में भी जानकारी ली।
सीओ अलीगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बेवर डिपो की रोडवेज बस अलीगंज की तरफ से एटा की ओर आ रही थी। तभी थाना क्षेत्र जैथरा अंतर्गत ग्राम पारोली सुहागपुर के निकट सवारी से भरे टेंपो से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मृत्यु हो गई है। घटना में पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
