उरुवा में गूंजा संदेश,,बेटी-बेटा एक समान, तिरंगा देश की शान.......
‘द एक्सपोज’ बैनर तले दो शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग शुरू
शुभ मुहूर्त में नारियल फोड़कर व दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ
उरुवा बाजार, गोरखपुर। सामाजिक जागरूकता, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति को केंद्र में रखकर बनाई जा रही दो शॉर्ट फिल्मों ‘बेटी–बेटा में नहीं है कोई अंतर’ और ‘तिरंगा हमारी शान’ की शूटिंग रविवार को उरुवा कस्बे में ‘द एक्सपोज’ बैनर तले शुरू हुई। शूटिंग के शुभारंभ का माहौल उस समय खास हो गया, जब पूर्व अपर जिला कृषि अधिकारी राम अधार यादव और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने नारियल फोड़कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर फिल्मों के शुभ मुहूर्त का उद्घाटन किया।
इस मौके पर पूर्व अपर जिला कृषि अधिकारी राम अधार यादव ने कहा कि निर्माता सुनील गहलोत की पूर्व में आई शॉर्ट फिल्म ‘बेटी का सपना’ ने सोशल मीडिया पर खूब धमाल मचाया था। फिल्म ने बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों को लेकर समाज को एक शानदार संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी ऐसी फिल्मों की आज के दौर में बेहद जरूरत है।
वहीं प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने कहा कि आज जहां कई निर्माता-निर्देशक रुपये कमाने की होड़ में अश्लील और सामाजिक मूल्यों से दूर सामग्री बना रहे हैं, वहीं सुनील गहलोत द्वारा सामाजिक जागरूकता, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की पहचान को लेकर शॉर्ट फिल्म बनाना काबिल-ए-तारीफ है। ऐसी फिल्में समाज को मनोरंजन के साथ सकारात्मक संदेश भी देती हैं।
निर्माता सुनील गहलोत ने कहा कि दोनों फिल्मों की थीम ‘बुराई पर अच्छाई की जीत’ पर आधारित है। पूरी टीम पूरी सशक्त मेहनत और समर्पण के साथ अभिनय कर रही है। उन्होंने दर्शकों से फिल्म को सफल बनाने के लिए प्यार, दुलार और सहयोग की अपील की।
निर्देशक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग गोरखपुर के दक्षिणांचल के गांवों और कस्बों के विभिन्न लोकेशन पर की जा रही है, ताकि कहानियों को वास्तविक परिवेश से जोड़ा जा सके।
शूटिंग के शुभारंभ अवसर पर फिल्म यूनिट के अनिल पेंटर, रविन्द्र कुमार, वीरू, जितेंद्र साहनी, रंजीता, पूजा, लाडो और रुकमौता चौहान सहित अन्य कलाकार एवं सहयोगी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
