चोरी की दो वारदातों का पर्दाफाश, विधि विरुद्ध बालक से 1.08 लाख और चांदी के नौ सिक्के बरामद
देवरिया। जनपद की कोतवाली पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उसके कब्जे से 1,08,200 रुपये नकद और सफेद धातु के नौ सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में बालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में शामिल दो अन्य वांछित आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द पाण्डेय के निर्देशन में कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के मुताबिक 16/17 अगस्त की रात मुखबिर की सूचना पर कसया मार्ग ओवरब्रिज के पास एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से नकदी और नौ सफेद धातु के सिक्के मिले। पूछताछ में उसने बताया कि यह सामान उसने अपने साथियों के साथ अलग-अलग स्थानों से चोरी किया था। बरामद सामान को कब्जे में लेकर बालक को नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
बैट्री-सोलर की दुकान से साढ़े तीन लाख की चोरी
पहली घटना नौ अगस्त की रात कोतवाली रोड पर जज कॉलोनी के सामने स्थित एजीएस बैट्री एंड सोलर सॉल्यूशन की दुकान में हुई थी। आरोप है कि अज्ञात चोरों ने रात करीब दो बजे दुकान का शटर उठाकर काउंटर तोड़ा और करीब 3.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दूसरी दुकान से नकदी और चांदी के सिक्के उड़ाए
दूसरी घटना 17/18 जुलाई की रात राघवनगर निवासी हरिश्चंद्र जायसवाल की दुकान में हुई। चोर शटर उठाकर दुकान में घुसे और वहां रखी नकदी तथा चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। इस मामले में भी कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अब दोनों घटनाओं में शामिल दो अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रविन्द्र नाथ चौबे, मनीष सिंह, सुशान्त प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल गुड्डु प्रजापति, कांस्टेबल श्रवण कुमार और रिजर्व कांस्टेबल राकेशचन्द शामिल रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
