बैतालपुर में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की टक्कर के बाद एक में लगी आग; एक की मौत
देवरिया। जनपद के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में एचपी पेट्रोल पंप के सामने सोमवार देर रात दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एक कार में आग लग गई। दुर्घटना में घायल किआ कार चालक सारिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 16/17 अगस्त की रात आई-20 कार संख्या यूपी 32 एफबी 3118 देवरिया से गोरखपुर की ओर जा रही थी। बैतालपुर में एचपी पेट्रोल पंप के सामने कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से गोरखपुर की ओर से देवरिया आ रही किआ कार संख्या यूपी 52 सीबी 9523 से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। किआ कार में सवार सारिक, आदिल पुत्र असलम निवासी अबूबकर नगर, साहिल अंसारी निवासी मिल इलाही समेत सात लोग घायल हुए। वहीं आई-20 में सवार रितिक और सिद्धार्थ निवासी छेड़ी रेवती, थाना रेवती, बलिया को भी चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल देवरिया भेजा गया। इसी दौरान आई-20 कार में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु कराई जा सकी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किआ कार चालक सारिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हुई है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
