पूर्व जिला पंचायत सदस्य कामिल शेख का निधन, मदनपुर में शोक की लहर
देवरिया। जनपद के मदनपुर नगर पंचायत की सियासत में लंबे समय तक अपनी मजबूत पहचान रखने वाले वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य कामिल शेख का रविवार शाम निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे और काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही मदनपुर स्थित आवास पर शुभचिंतकों और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कामिल शेख को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के करीबी लोगों में माना जाता था। उन्होंने क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत माना जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, कामिल शेख का लंबे समय से इलाज चल रहा था। वह उपचार के सिलसिले में लखनऊ में थे। रविवार शाम करीब चार बजे अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे।
कामिल शेख की पुत्र वधू शाहिना शेख वर्तमान में मदनपुर नगर पंचायत की अध्यक्ष हैं। पुत्र आजम शेख ने बताया कि उनके पिता का इलाज लखनऊ से चल रहा था और रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार सोमवार को उनकी मिट्टी दी जाएगी।
कामिल शेख के निधन पर पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, सपा नेता संतोष यादव, मदनपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष इजहार खान, सपा नेता अवनीश यादव, डॉ. रमेश गुप्ता, डॉ. शशांक शेखर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
वरिष्ठ नेता के निधन से मदनपुर की राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक व्याप्त है। समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
