कोटेदारों का बढ़ा सम्मान, अब मिली अन्नपूर्णा केंद्र संचालक की पहचान
देवरिया। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 30 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा के साथ ही जिलेभर के कोटेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोमवार को जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के संबोधन और लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया गया।
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक सदर पिंटू जायसवाल मौजूद रहे। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। कोटेदारों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और लाभांश बढ़ाए जाने के निर्णय पर प्रसन्नता जताई।
ये खबर भी पढ़े : चोरी की दो वारदातों का पर्दाफाश, विधि विरुद्ध बालक से 1.08 लाख और चांदी के नौ सिक्के बरामदसांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि लाभांश में वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं का सम्मान और आर्थिक स्थिति दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से अब उचित दर विक्रेता 39 प्रकार की खाद्य एवं आवश्यक सामग्री का विक्रय कर सकेंगे, जिससे उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत बढ़ेंगे। अन्नपूर्णा भवनों में वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार ने कोटेदारों को सम्मानजनक नई पहचान देने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्हें ‘अन्नपूर्णा केंद्र संचालक’ के रूप में पहचान देने की पहल की है। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में उचित दर विक्रेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके प्रयासों से पारदर्शिता बढ़ी है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि उचित दर विक्रेता प्रशासन और जरूरतमंद उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। लाभांश में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी उचित दर विक्रेताओं ने खाद्यान्न, नमक, तेल समेत आवश्यक वस्तुओं का वितरण सुनिश्चित किया। उनका योगदान सराहनीय रहा है।
सातों विधानसभा क्षेत्रों में गूंजा मुख्यमंत्री का संदेश
जनपद के सलेमपुर, भाटपाररानी, रुद्रपुर, रामपुर कारखाना, पथरदेवा और बरहज विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित विकासखंड सभागारों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सलेमपुर में ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोटेदारों के लाभांश में 30 प्रतिशत वृद्धि कर उन्हें आर्थिक मजबूती देने का काम किया है। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।
भाटपाररानी में विधायक सभा कुंवर कुशवाहा, रामपुर कारखाना में विधायक सुरेंद्र चौरसिया और रुद्रपुर में विधायक जयप्रकाश निषाद की मौजूदगी में कार्यक्रम हुए। पथरदेवा क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही समेत जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तथा बरहज क्षेत्र में संबंधित ब्लॉक प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सजीव प्रसारण कराया गया।
सभी कार्यक्रमों में उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और लाभांश वृद्धि के निर्णय का स्वागत किया। लाभांश में बढ़ोतरी के साथ अन्नपूर्णा भवन और नई पहचान मिलने से कोटेदारों में उत्साह साफ नजर आया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय प्रेम शकर मणि वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में देवरिया व्यूरो के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
