1090 चौराहे पर 101 पक्षियों को पिंजरे से मुक्त कर छात्रो को दी श्रद्धांजलि
अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों को सदर व्यापार मंडल की ओर से संवेदना
लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की याद में गुरुवार को सदर लखनऊ व्यापार मंडल की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 1090 चौराहे पर 101 पक्षियों को पिंजरे से मुक्त कर दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि देते समय कई लोगों की आंखें नम हो गई।
सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतबीर सिंह राजू के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। कई दिन गुजर जाने के बाद भी बच्चों की तस्वीर आंखों के सामने है। सतबीर सिंह राजू ने कहा कि इस भीषण हादसे में कई होनहार बच्चों की मृत्यु हुई है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों का यूं असमय चले जाना पूरे समाज के लिए बड़ी क्षति है। सभी नागरिकों को पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनना चाहिए और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करना चाहिए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत बच्चों की आत्माओं को शांति मिले और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्राप्त हो।
जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दर्द को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। श्रद्धांजलि के दौरान सुनील वैश (महामंत्री), विपिन वैश दयाल (मंत्री), संजय केसरवानी (मंत्री), रणवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
