सेना के हवलदार पति समेत 8 पर दहेज़ उत्पीड़न का मुकदमा, पुलिस को सौंपा पेन ड्राइव
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने सेना में कार्यरत पति और ससुराल पक्ष के सात अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना पारा में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
आनंदपुरी बरौरा हुसैन बाड़ी निवासी विजय कुमारी ने बताया कि उनकी शादी 20 नवंबर 2023 को पारा रोड स्थित पूर्वादीन खेड़ा निवासी पुष्पेंद्र कुमार से हुई थी। विवाह में उनके पिता ने लगभग 15 लाख रुपये नकद के साथ एसी, वॉशिंग मशीन, सोफा सेट, बेड, डाइनिंग टेबल और अन्य घरेलू सामान दिया था। विजय कुमारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति पुष्पेंद्र कुमार, सास-ससुर और अन्य परिजन 15 लाख रुपये नकद और एक कार लाने का दबाव बनाने लगे।
मांग पूरी न होने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की गई। 22 जून को ससुराल पक्ष ने फिर से 15 लाख रुपये और कार की मांग की। जब उन्होंने अपने पिता और भाई को बुलाया और भाई ने असमर्थता जताई, तो ससुराल पक्ष के लोग उग्र हो गए और घर के अंदर मारपीट शुरू कर दी। विजय कुमारी के अनुसार, जान बचाकर बाहर निकलने पर उन पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया।
इस घटना का एक वीडियो भी पुलिस को पेन ड्राइव में सौंपा गया है। महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति, जो सेना में हवलदार हैं, सेना में होने का रौब दिखाकर कार्रवाई न होने की धमकी देते थे। इसके अलावा, बीमारी के दौरान उनका समुचित इलाज नहीं कराया गया।
पीड़िता का कहना है कि उनके गॉलब्लैडर में पथरी होने के बावजूद ऑपरेशन नहीं कराया गया। विजय कुमारी ने पति पुष्पेंद्र कुमार, जेठ राम सिंह, जेठानी अनीता सिंह, नंदोई मदन पाल, नंद राजेश्वरी, सास भगौती देवी और ससुर शिवदास सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, हत्या के प्रयास और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
