लोकबंधु अस्पताल में कर्मचारी की अभद्रता का ऑडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
लखनऊ। राजनारायण लोकबंधु संयुक्त अस्पताल में कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। अस्पताल के एक वॉर्ड बॉय और एक्स-रे टेक्नीशियन के बीच हुई बातचीत का कथित ऑडियो सामने आया है, जिसमें गाली-गलौज सुनाई दे रही है।
वॉर्ड बॉय ने आरोप लगाया है कि एक्स-रे टेक्नीशियन ने उसे जान से मारने की धमकी दी, मां-बहन की गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। मामले की शिकायत अस्पताल के निदेशक से की गई है। ऑडियो वायरल होने के बाद अस्पताल परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दोनों कर्मचारियों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है।
कथित ऑडियो में एक्स-रे टेक्नीशियन द्वारा लगातार गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आ रही है। यही ऑडियो अस्पताल के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर भी पोस्ट किया गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतने आपत्तिजनक ऑडियो के ग्रुप में साझा होने के बावजूद किसी ग्रुप एडमिनिस्ट्रेटर या अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ऑडियो वायरल होने के अगले दिन गुरुवार को वॉर्ड बॉय अनुज कुमार ने निदेशक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। वॉर्ड बॉय अनुज कुमार ने निदेशक को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि अस्पताल के एक्स-रे टेक्नीशियन हसमुद्दीन ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जातिसूचक टिप्पणियां कीं और देख लेने की धमकी दी। शिकायत में आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। इस बीच पीड़ित वार्ड ब्वॉय ने कृष्णा नगर थाने में टेक्नीशियन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
अनुज कुमार ने कृष्णा नगर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी और कार्रवाई की मांग की। कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
