भगवान श्रीराम की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल
दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग
बस्ती (गौर) - गौर थाना क्षेत्र के बराह क्षेत्र धाम स्थित धार्मिक स्थल पर भगवान श्रीराम की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गौर थाना एस ओ अतुल कुमार अनजान तथा टिनिच चौकी के पुलिसकर्मियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस द्वारा घटना की जांच कर अराजक तत्वों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर मूर्ति खंडित किया जाना गंभीर एवं संवेदनशील मामला है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को चिन्हित किया जाए और कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।घटना को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की सक्रियता पर भी लोगों की नजर बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। लोगों ने दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई के साथ ही बराह क्षेत्र धाम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
