प्रदेश में राजस्व संग्रह की रफ्तार तेज, 2,371 करोड़ की वृद्धि : सुरेश खन्ना
जीएसटी में 2,342 करोड़ रूपये की बढ़ोतरी, परिवहन एवं स्टाम्प-पंजीयन विभाग ने लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूती की ओर अग्रसर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के मई माह में प्रदेश सरकार को मुख्य कर-करेत्तर राजस्व मदों से 20,491 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 18,120 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार प्रदेश को मई, 2025 की तुलना में मई, 2026 में 2,371 करोड़ रूपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने यह जानकारी गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि राजस्व प्राप्तियों में सर्वाधिक योगदान जीएसटी का रहा। मई, 2026 में जीएसटी से 7,551 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि गत वर्ष इसी माह में यह राशि 5,209 करोड़ रूपये थी। इस प्रकार जीएसटी संग्रह में 2,342 करोड़ रूपये की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। स्टाम्प एवं पंजीयन से 2,994 करोड़ रूपये तथा परिवहन विभाग से 1,228 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो गत वर्ष की तुलना में क्रमशः 36 करोड़ रूपये और 187 करोड़ रूपये अधिक है। वैट से 3,010 करोड़ रूपये तथा आबकारी से 5,388 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह तक कर राजस्व के अंतर्गत 55,641.02 करोड़ रूपये के लक्ष्य के सापेक्ष 41,621.54 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 74.8 प्रतिशत है। राज्य कर मद में 34,054.25 करोड़ रूपये के लक्ष्य के सापेक्ष 21,452.89 करोड़ रूपये की प्राप्ति दर्ज की गई है, जो लक्ष्य का 63 प्रतिशत है। जीएसटी के अंतर्गत 27676.45 करोड़ रूपये लक्ष्य के सापेक्ष 17334.35 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो लक्ष्य का 62.6 प्रतिशत है। प्रमुख राजस्व मदों में आबकारी के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह तक 11,200 करोड़ रूपये के लक्ष्य के सापेक्ष 10,638.65 करोड़ रूपये की प्राप्ति कर 95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
परिवहन के अंतर्गत 2,529.28 करोड़ रूपये के लक्ष्य के सापेक्ष 2,544.92 करोड़ रूपये की प्राप्ति कर 100.6 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की है। ऊर्जा विभाग ने भी 785.84 करोड़ रूपये के लक्ष्य के सापेक्ष 1,074.20 करोड़ रूपये की प्राप्ति कर 136.7 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। स्टाम्प तथा निबंधन विभाग ने 6,949.10 करोड़ रूपये के लक्ष्य के सापेक्ष 5,864.35 करोड़ रूपये की प्राप्ति कर 84.4 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
प्रदेश सरकार ने आम जनता को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से पेट्रोल एवं डीजल पर कर की दरों को संतुलित रखा है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में पेट्रोल पर 19.36 प्रतिशत या 14.85 रूपये प्रति लीटर तथा डीजल पर 17.08 प्रतिशत या 10.41 रूपये प्रति लीटर कर है।
प्रदेश में वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 101.86 रूपये प्रति लीटर तथा डीजल की कीमत 95.36 रूपये प्रति लीटर है। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल पर लगने वाला वैट तथा इनकी कीमतें देश के अधिकांश राज्यों की तुलना में कम हैं, जिससे आम नागरिकों, किसानों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
