27 साल छोटे युवक के प्यार में घर छोड़ गई तीन बच्चों की मां, पति भी मजबूर होकर स्वीकार कर लिया रिश्ता
काफी समझाने के बावजूद जब पत्नी घर लौटने को तैयार नहीं हुई तो पति ने दोनों की कोर्ट मैरिज करा दी
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पारिवारिक रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 47 वर्षीय तीन बच्चों की मां अपने से 27 साल छोटे, 20 वर्षीय युवक के प्रेम में घर छोड़कर चली गई। करीब चार महीने बाद पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। काफी समझाने के बावजूद जब पत्नी घर लौटने को तैयार नहीं हुई तो पति ने दोनों की कोर्ट मैरिज करा दी।
जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के डैना गांव निवासी जीवनाथ राजभर की शादी करीब 25 वर्ष पहले नई बाजार क्षेत्र के महेसुआ गांव निवासी सरिता राजभर से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। जीवनाथ दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं।
जीवनाथ के मुताबिक, उनकी पत्नी की पहचान गाजीपुर जिले के गहमर निवासी अजय गुप्ता (20) से ट्रेन में सफर के दौरान हुई थी। अजय ट्रेन में मूंगफली बेचता है। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह जान-पहचान प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़ित पति का कहना है कि अप्रैल में वह दिल्ली लौट गया था। कुछ दिनों बाद सूचना मिली कि उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है। उसने तत्काल गांव पहुंचकर सकलडीहा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुरुआती दौर में महिला के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि महिला अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ गई थी।
मंगलवार को पति ने दोनों को सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर देख लिया। उसने पत्नी से घर लौटने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। स्टेशन पर कुछ देर तक तीनों के बीच कहासुनी भी हुई, जिसके बाद लोगों ने बीच-बचाव कराया।
इसके बाद जीवनाथ दोनों को रजिस्ट्रार कार्यालय ले गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों की कोर्ट मैरिज कराई गई। पति की मौजूदगी में महिला ने प्रेमी को जयमाला पहनाई, जबकि युवक ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया।
घटना के दौरान महिला ने यह भी कहा कि वह अपने तीनों बच्चों को अपने साथ नहीं रखेगी। उसका कहना था कि बच्चे उसके पहले पति के हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी भी वही निभाएगा। इस बयान से परिवार के लोग और वहां मौजूद अन्य लोग भी हैरान रह गए।
जीवनाथ ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी पहले भी झूठे मामलों में उसे सात से आठ बार जेल भिजवा चुकी है। उसका कहना है कि उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था, इसलिए उसने दोनों की शादी करा दी। उसके मुताबिक, इस घटना से उसका परिवार पूरी तरह बिखर गया है और अब उसे व उसके बच्चों को समाज के तानों का सामना करना पड़ेगा।फिलहाल, इस मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। यह मामला पारिवारिक संबंधों, व्यक्तिगत निर्णयों और सामाजिक प्रतिक्रियाओं को लेकर लोगों के बीच बहस का विषय बना हुआ है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
