एलईडी वैन से गांव-गांव पहुंचेगा विकास का संदेश, जनकल्याण अभियान को मिली रफ्तार
सीडीओ और विधायक ने दिखाई हरी झंडी, दो वैन को किया रवाना
विजयपाल सिंह
लखीमपुर-खीरी,05 जून(तरूणमित्र)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 05 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान को गति देने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने व्यापक तैयारी की है। इसी क्रम में गुरुवार को दो एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया, जो गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगी।
कार्यक्रम में विधायक सदर योगेश वर्मा एवं सीडीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से वैनों को रवाना किया। इस दौरान विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जिसके लिए जन-जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
इन एलईडी वैनों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों का दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वैनों में लगे डिजिटल स्क्रीन के जरिए लोगों को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी जाएगी। अभियान के तहत यह वैन 21 जून तक जिले के सभी विकास खंडों में निर्धारित रूट प्लान के अनुसार भ्रमण करेंगी और सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, हाटों व गांवों में रुककर योजनाओं का प्रसारण करेंगी।सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि वैन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक पात्र लोग सरकारी योजनाओं से जुड़ सकेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय देवांश सिंह खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
