सुल्तानपुर को मिलेगा 7 करोड़ का आधुनिक स्टेडियम, राज्य मंत्री ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में की घोषणा
सुल्तानपुर। विकास खंड करौंदीकला के मेवपुर बरचौली स्थित बाबूराम उजागिर सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को चार दिवसीय हैंडबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ मुख्य अतिथि युवा कल्याण एवं खेल विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने किया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड तथा पश्चिम बंगाल की टीमों के करीब 800 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक तथा बौद्धिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल होने और बेहतर करियर बनाने के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
लक्ष्य के अनुरूप नियमित अध्ययन, कठिन परिश्रम, समय का सदुपयोग, अनुशासन और समर्पण सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों और कौशल विकास पर भी ध्यान देने का आह्वान किया, ताकि वे प्रतिस्पर्धी युग की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने बहाउद्दीनपुर गांव में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने चुनौती और प्रतिस्पर्धा के दौर में बच्चों को प्रदान की जा रही गुणवत्ता परक शिक्षा एवं अनुशासन के लिए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि विधायक राजेश गौतम ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।
ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उन्हें बड़े मंच तक पहुंचने की प्रेरणा देती हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद प्रकाश जायसवाल एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद कुमार मिश्रा ने भी संबोधित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अविनाश कुमार सिंह ने अतिथियों आगंतुकों एवं अभिभावकों का स्वागत आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन किया। कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना, उनमें श्रेष्ठ संस्कार विकसित करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना तथा उन्हें आदर्श और जिम्मेदार नागरिक बनाना विद्यालय का दायित्व है।
विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर विशेष बल दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।कार्यक्रम का संचालन ऋतिका पांडेय ने किया।
इस अवसर पर श्री शंकर सिंह, गिरीश सिंह 'पप्पू', डॉ. विनोद कुमार सिंह 'वत्स', फतेह बहादुर सिंह, सुरेंद्र सिंघानिया, उदयभान सिंह, नरेंद्र प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह, समाजसेवी एवं प्रधान प्रतिनिधि संजय, राम सिंह, अनीता तिवारी, राहुल यादव, प्रशांत गुप्ता, शशि पांडेय, श्वेता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
