उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों ने 37वीं स्टेट आईटी चैंपियनशिप में जीते सात पदक
बस्ती - उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, रोडवेज बस्ती के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए 37वीं स्टेट आईटी चैंपियनशिप में सात पदक जीतकर बस्ती जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम, आईएनए कॉलोनी में किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभावान विद्यार्थियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ विद्यार्थियों के अभिभावकों में भी हर्ष का माहौल है।प्रतियोगिता में शिवांशी प्रियदर्शन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं आराध्या यादव और अथर्व पटेल ने रजत पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त तृप्ति त्रिपाठी,अरविंद,आयुष धर दुबे ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे उनके कोच आशुतोष सिंह के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, तकनीकी ज्ञान और शांतचित्त होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ला ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ते रहें और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय तथा बस्ती का नाम रोशन करें।वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शशि प्रभा त्रिपाठी ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि सफलता का वास्तविक आधार निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास है। उन्होंने कोच आशुतोष सिंह एवं समस्त शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों और उनके कोच आशुतोष सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सात पदकों की यह शानदार उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि बस्ती की प्रतिभाएं अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का पूरा सामर्थ्य रखती हैं। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों की यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बस्ती जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
