बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे विधायक, सरकार की राहत किट से मिली बड़ी राहत
निघासन में विधायक शशांक वर्मा ने एसडीएम के साथ बांटी राहत किट, खाद्यान्न से लेकर त्रिपाल और स्वच्छता सामग्री तक शामिल
ललित वर्मा
लखीमपुर-खीरी,21 अगस्त(तरुणमित्र)। बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों तक सरकार की राहत पहुंचाने के अभियान के तहत शुक्रवार को निघासन में प्रभावित ग्रामीणों के बीच राहत किट का वितरण किया गया। तहसील व विकासखंड निघासन के बाढ़ प्रभावित मजरा नया पुरैना, पुराना पुरैना और ग्राम सेमरापुरवा के लोगों को मंडी लुधौरी में निघासन विधायक शशांक वर्मा ने एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ राहत किटें वितरित कीं।
विधायक ने खुद संभाली राहत की कमान
मंडी लुधौरी में विधायक शशांक वर्मा ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया और एक-एक कर लाभार्थियों को राहत किट उपलब्ध कराईं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत वितरण के दौरान एसडीएम यदुवीर सिंह ने भी ग्रामीणों से उनकी जरूरतों की जानकारी ली।
राहत किट में राशन के साथ जरूरत का पूरा सामान
प्रत्येक लाभार्थी को दी गई किट में 2.5 किग्रा लाई, 2 किग्रा गैर-भुना चना, 2 किग्रा भुना चना, 1 किग्रा चीनी, 10 पैकेट बिस्कुट, 1 पैकेट माचिस, 1 पैकेट मोमबत्ती और 2 नग नहाने का साबुन शामिल हैं। इसके साथ 18 लीटर की ढक्कनदार बाल्टी और 12×10 वर्गफुट का 110 GSM से कम मोटाई का त्रिपाल भी दिया गया। खाद्यान्न में 10 किग्रा आटा, 10 किग्रा चावल, 2 किग्रा अरहर दाल, 10 किग्रा आलू, 200 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम पिसी मिर्च, 200 ग्राम सब्जी मसाला, 1 लीटर सरसों का तेल/रिफाइंड और 1 किग्रा नमक शामिल है। महिलाओं और परिवारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 20 सैनिटरी पैड, 2 नग कपड़े धोने का साबुन, 1 तौलिया, 1 मीटर सूती कपड़ा, 20 डिस्पोजेबल बैग, 1 मग और 100 मिलीलीटर डेटाल/सेवलॉन भी राहत किट का हिस्सा हैं।
सरकार संकट में हर परिवार के साथ खड़ी : विधायक शशांक वर्मा
राहत किट वितरण के दौरान विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है। मंडी लुधौरी में राहत सामग्री पाकर ग्रामीणों ने राहत महसूस की। प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है, जबकि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री को पात्र प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने का कार्य जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
