लखीमपुर-खीरी,20 अगस्त(तरुणमित्र)। शहर के थरबरनगंज मोहल्ले में नाले का चौड़ीकरण कार्य मोहल्लेवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। करीब दो माह से नाला खुला पड़ा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि खुले होने के बावजूद नाले की नियमित सफाई नहीं हो रही है। इसके चलते नाले में कचरे और गंदगी के ढेर जमा हो गए हैं। मोहल्लेवासियों के मुताबिक बारिश होते ही नाले का गंदा पानी घरों में घुसने लगता है। नाले में जमा कचरा और गंदगी स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं। घनी आबादी के बीच खुले नाले के कारण बच्चों और बुजुर्गों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। वहीं, गौवंश के भी नाले में गिरने की आशंका से लोग चिंतित हैं।
बारिश के मौसम में खुले नाले में जमा गंदगी और आसपास जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में सवाल यह है कि जब नाला खुला है और सफाई का काम आसानी से किया जा सकता है, तो आखिर नाले से कचरा हटाने में लापरवाही क्यों बरती जा रही है? मोहल्लेवासियों को अब उम्मीद है कि खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदार अधिकारी मौके की स्थिति का संज्ञान लेकर नाले की सफाई कराने के साथ ही चौड़ीकरण का बचा हुआ कार्य भी जल्द पूरा कराएंगे।
नाला चौड़ीकरण का कार्य करा रहे ठेकेदार ने बताया कि फिलहाल केवल सफाई का कार्य शेष है। खुले नाले पर पत्थर डालने का काम बारिश के कारण प्रभावित हुआ है। जल्द ही नाले पर पत्थर डाल दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। नाला चौड़ीकरण का जो कार्य बचा हुआ है, उसको दिखवाते हैं।
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।