सुरक्षित समाज व विकसित राष्ट्र की नींव हैं, सशक्त युवा-अनन्या साह
सर्वोदय बालिका विद्यालय चकदही में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम
संत कबीर नगर, जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में गुरुवार को सर्वोदय बालिका विद्यालय चकदही, संतकबीरनगर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में *"सशक्त युवा, सुरक्षित समाज और विकसित राष्ट्र"* विषय पर एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकम की मुख्य अतिथि प्राधिकरण की सचिव/न्यायिक अधिकारी सुश्री अनन्या साह ने कहा कि देश के विकास की नींव सशक्त युवा और शिक्षित बेटियां हैं।
उन्होंने छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर क्राइम, बाल विवाह और महिलाओं के कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सचिव ने कहा कि "जब बेटी सुरक्षित होगी, पढ़ेगी और आगे बढ़ेगी तभी समाज सुरक्षित और राष्ट्र विकसित होगा।" उन्होंने बताया कि महिलाएं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, अनुसूचित जाति/जनजाति एवं निर्धन व्यक्ति को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कराई जाती है। इसके अलावा मध्यस्थता सेंटर के लाभ, राष्ट्रीय लोक अदालत, प्री लिटिगेशन वादों के निस्तारण, स्थाई लोक अदालत के लाभ, पोश एक्ट तथा नशीली दवाओं के दुरूपयोग, पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया।
*लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव* ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी सहायता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, देशभक्ति और शिक्षा ही युवा को सशक्त बनाती है। जरूरत पड़ने पर निशुल्क कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता *विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उषा राय* ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बेटियों में आत्मविश्वास और कानूनी जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी अपनाएं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रवक्ता सुक्खू प्रसाद वर्मा, नीलम चौरसिया, संध्या चौरसिया, स्मृति पाठक, दीप्ति गहलोत, सविता पाण्डेय, गौरी पूजा, शैलेश मिश्रा, मीना यादव, सरिता, कंचन शुक्ला, श्रीमती नीरू यादव, अंतिमा, सुश्री सौम्या त्रिपाठी एवं प्रीति जायसवाल सहित समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
