जेपीएससी परीक्षा धांधली की सुनवाई 24 अगस्त को करेगा सुप्रीम कोर्ट
सीबीआई जांच की मांग पर कोर्ट लेगा अहम फैसला
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय झारखंड लोक सेवा आयोग की 2025 में परीक्षा में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र सीबीआई जांच की मांग पर 24 अगस्त को सुनवाई करेगा। सामाजिक कार्यकर्ता हरिशरण देवगन ने याचिका दायर कर झारखंड लोक सेवा आयोग 2025 की परीक्षा में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र सीबीआई जांच की मांग की है।
वकील सत्यम सिंह राजपूत के जरिए दायर याचिका में कहा गया है कि इस मामले की जांच झारखंड सीआईडी से हटाकर सीबीआई को सौंपी जाए। याचिका में कहा गया है कि एक ऐसी जांच एजेंसी नियुक्त की जाए जो राज्य सरकार के प्रभाव से मुक्त हो, ताकि आम लोगों का भरोसा कायम हो। ये विवाद 19 अप्रैल को झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रीलिम्स परीक्षा से जुड़ा हुआ है।
याचिका में कहा गया है कि इसका रिजल्ट 2 जुलाई को घोषित किया गया था। रिजल्ट घोषित होने के बाद एक अभ्यर्थी की ओएमआर शीट की प्रति वायरल हुईं थी, जिसमें उसने 100 में से मात्र 48 प्रश्नों को हल करने की कोशिश की और उसके बावजूद वो क्वालिफाई कर गया।
इस मामले में झारखंड लोक सेवा आयोग को इस बात के लिए भी आलोचना झेलनी पड़ रही थी कि उसने परीक्षा आयोजित करने के लिए टीएसडीपीएल का चयन किया था। टीएसडीपीएल को इस परीक्षा के कुछ महीने पहले ही झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन ने अनियमितताओं की शिकायतों के बाद ब्लैकलिस्ट किया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
