डीएम-एसएसपी ने कछला घाट का किया निरीक्षण
बदायूं। श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को कछला घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिए कि रूट डायवर्जन के दौरान पुल के दोनों ओर 500-500 मीटर की दूरी पर दोपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रखा जाए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए गोविंद वल्लभ पंत कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को मजिस्ट्रेटों के साथ सुरक्षा संबंधी समुचित व्यवस्थाओं के लिए दायित्व भी सौंपे गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कछला घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही डीएम और एसएसपी ने बदायूं-कासगंज बार्डर का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए आने और जाने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालु निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने ने कहा कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात का प्रभावी प्रबंधन किया जाए और जाम की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सक्रिय रखी जाएं। प्रशासन की ओर से श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
