बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री, हर मदद का दिया भरोसा
प्रभावित ग्रामों का ट्रैक्टर से किया भ्रमण
अरुण अग्रवाल, बहराइच संवाददाता
बहराइच। जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच दिनेश प्रताप सिंह ने विधायक बलहा सरोज सोनकर के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों रामपुर रतिया, धर्मपुर संपत, पूर्व खैरी पुरवा एवं बाबा रामपुर रतिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न होने पाए।

उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि जिन किसानों की धान की फसल बाढ़ के पानी में डूबकर प्रभावित हुई है, उनकी फसल का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उन्हें शासन की प्रत्येक सुविधा एवं योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
