चीनी के कालाबाजारी या जमाखोरी पर होगी सख्त कार्यवाही - डीएम
बस्ती - जनपद में चीनी की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने आमजन को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध कराने तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से चीनी की वर्तमान उपलब्धता, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनपद में चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्टॉक की निगरानी करें और आवश्यकता के अनुसार समय से आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चीनी के वितरण में किसी भी स्तर पर अनियमितता, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, निर्धारित दर एवं मानकों के अनुरूप उपभोक्ताओं को चीनी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजार एवं वितरण केंद्रों पर उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को चीनी की उपलब्धता एवं वितरण से जुड़ी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को आवश्यक वस्तुओं की सुचारु और पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
बैठक जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, डिप्टी आरएमओ विपिन कुमार, मंडी सचिव राम कुमार यादव, जिला गन्ना अधिकारी, विपणन निरीक्षक, आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
