राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने सुनीं पीड़ित महिलाओं की फरियाद
जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मनोज शर्मा
- जिला कारागार एवं वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
- विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
बाराबंकी। शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने बुधवार को जनपद बाराबंकी में महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा के उद्देश्य से डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में जनसुनवाई आयोजित की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्ष, संवेदनशील एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान उन्हें कुल 26 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। प्राप्त सभी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट तलब करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मिशन शक्ति से महिलाओं को मिल रहा सशक्तिकरण
राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है तथा महिलाओं की शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
विभागीय योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
जनसुनवाई के उपरांत सदस्या ने महिला कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं महिला सुरक्षा से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाराबंकी को उपलब्ध कराई जाए।
जिला कारागार एवं वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
अपने जनपद भ्रमण के दौरान मा० सदस्या अंजू प्रजापति ने जिला कारागार एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। जिला कारागार में उन्होंने महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं वन स्टॉप सेंटर में उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता, परामर्श, चिकित्सा, विधिक सहायता एवं अस्थायी आश्रय जैसी सेवाओं की समीक्षा की।
उन्होंने भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, परामर्श सुविधा तथा पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़ित महिला एवं बालिका को सम्मानजनक वातावरण, आवश्यक सुविधाएं तथा त्वरित सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
मा० सदस्या ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 1076, 112, 1090, 1098, 1930, 181, 102, 108 एवं 101 जैसी विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, हिंसा अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी संकोच के इन हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं। यदि किसी स्तर पर समयबद्ध न्याय न मिले तो राज्य महिला आयोग में भी सीधे शिकायत प्रस्तुत की जा सकती है, जहां प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के प्रभारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
