विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,सिर और नाक से निकल रहा था खून
ठाकुरगंज इलाके का मामला
- परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
लखनऊ। ठाकुरगंज में शादी के 6 साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार का कहना है कि दामाद ने मंगलवार शाम फोन करके बताया बेटी ने जहर खा लिया है। जब परिवार लखनऊ पहुंचा तो देखा सिर व नाक से खून निकल रहा था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सूरज आरती के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आजाद नगर, रामनगर माल निवासी परमेश्वर ने बताया, उन्होंने अपनी बेटी आरती की शादी 8 दिसंबर 2020 को ठाकुरगंज के राजा विहार निवासी सूरज उर्फ गोलू से की थी। सूरज सफाईकर्मी है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें चार वर्षीय बेटा शिवांश और पांच महीने की एक बेटी है।परमेश्वर ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे सूरज का फोन आया। उसने कहा कि आरती की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही परिवार माल से लखनऊ के लिए रवाना हो गया।
परिजनों का आरोप है कि पहले उन्हें बताया गया कि आरती को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि उसे बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार बलरामपुर अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने आरती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की बड़ी बहन सुमन ने बताया कि वह बालू अड्डा क्षेत्र में रहती हैं, लेकिन घटना की जानकारी उन्हें सूरज ने नहीं दी।
उनका कहना है कि सूरज लगातार परिवार को गुमराह करता रहा और सही जानकारी नहीं दी। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो आरती के सिर और नाक से खून निकल रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरती की पीट-पीटकर हत्या की गई है। वहीं, इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
