लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिस्पोजल कारोबारी से ढाई लाख लूट करने वाले तीन गिरफ्तार
मदेयगंज थाना इलाके का मामला
- पन्नी का सौदा कर ढाई लाख रुपए मंगाया
लखनऊ। मदेयगंज इलाके में एक डिस्पोजल कारोबारी को पन्नी का सौदा करने के बहाने बुलाकर लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने ढाई लाख रुपए की लूट की थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। पारा के कुंदन बिहार डिप्टी खेड़ा निवासी महेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी एकता नगर चौराहा, ठाकुरगंज में डिस्पोजल दोना-पन्नी की दुकान है। कुछ दिन पहले एक व्यक्ति, जिसने अपना नाम शेख बताया था, उनकी दुकान पर आया और करीब ढाई लाख रुपये की पन्नी खरीदने का सौदा तय किया।
आरोपी ने 20 जुलाई को उन्हें माल देने और भुगतान लेने के लिए दोपहर में संझियाघाट, खदरा मदेयगंज बुलाया। वह तय स्थान पर रुपए लेकर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद शेख और उसके दो साथियों ने उन्हें डराकर बैग में रखे ढाई लाख रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसके बाद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश कर रही थी। टीमें आसपास लगे 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही थी। इसके साथ ही टेक्निकल साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मंगलवार करीब 11:30 बजे पुलिस टीम ने पक्का पुल के नीचे गोमती नदी की तरफ मदेयगंज से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान नदिया वेस्ट बंगाल निवासी मोहन शेख पुत्र सौरभ शेख (38) हाल पता जेजे कालोनी बवाना नोर्थ वेस्ट दिल्ली, उत्तर चौबीस परगना, पश्चिम बंगाल निवासी सोहेल (29) पुत्र मोती शेख हाल पता सरवर स्कूल वाली गली बडी पकरिया खदरा मदेयगंज और नदिया वेस्ट बंगाल निवासी राकिब (28) के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए रुपयों में से कुल 1,92,000 बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी मोहन शेख से पूछताछ में बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदारों को सस्ते दामों पर सामान उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। दुकानदारों को विश्वास में लेने के बाद उन्हें किसी सुनसान स्थान पर बुलाते थे और वहां अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पास मौजूद रुपये लूटकर फरार हो जाते थे। इसी दौरान आरोपी मोहन शेख ने कारोबारी की दुकान पर जाकर स्वयं को डिस्पोजल एवं दोना-पन्नी का व्यापारी बताते हुए उसे सस्ते दामों पर माल देने का झांसा दिया गया। लगभग 2.50 लाख रुपए में सौदा तय होने के बाद कारोबारी को पूर्व से चिन्हित सुनसान स्थान बंधा रोड, गोमती नदी के किनारे बुलाया गया।
घटना के दौरान आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से कारोबारी से रुपए लूट लिए। आरोपियों का एक साथी अनवर दूर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों एवं पुलिस गतिविधियों पर निगरानी रख रहा था। पूछताछ में यह भी पता चला कि घटना के बाद आरोपी लूटे गए रुपयों का आपस में बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस टीम को देखकर फरार अभियुक्त अनवर रुपयों की एक गड्डी लेकर मौके से भाग गया, जबकि अन्य अभियुक्तों को पुलिस टीम द्वारा पकड़ लिया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
