बुजुर्ग हमारे अनुभव की धरोहर, और दिव्यांगजन हमारी संवेदनशीलता की पहचान
उनका सम्मान और सुरक्षा पूरे समाज का कर्तव्य है
संत कबीर नगर, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के निर्देशन में मानवीय सोच और उत्तर प्रदेश पुलिस के "सेवा, सुरक्षा एवं संवेदनशीलता" के संकल्प को साकार करते हुए आज दिनांक 22 .07.2026 को थाना महुली की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों में पहुंचकर उन वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों से मुलाकात की जो उम्र, बीमारी अथवा शारीरिक असमर्थता के कारण स्वयं अपनी समस्याएं लेकर थाने तक नहीं पहुंच पाते ।
पुलिस टीम जब उनके घरों के दरवाजे पर पहुंची तो कई बुजुर्गों की आंखों में खुशी और अपनत्व के भाव साफ दिखाई दिए। किसी ने पुलिसकर्मियों को अपने बेटे जैसा स्नेह दिया, तो किसी ने वर्षों बाद अपनी पीड़ा खुलकर साझा की। पुलिसकर्मियों ने पूरे धैर्य, सम्मान और आत्मीयता के साथ उनकी बातें सुनीं, उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सरकार द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, अकेलेपन अथवा आपातकालीन स्थिति में पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्हें डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने परिवारों से भी अपील की कि वे अपने घर के बुजुर्गों का सम्मान करें, उनका नियमित हालचाल लें और उन्हें कभी अकेला महसूस न होने दें। क्योंकि जिस छांव में हम बड़े हुए हैं, उस छांव का सम्मान करना ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
स्थानीय नागरिकों ने थाना महुली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनकर विश्वास का नया अध्याय लिख रही है।
थाना महुली पुलिस का विश्वास है कि कानून का पालन कराने के साथ-साथ मानवता की रक्षा करना भी पुलिस का सर्वोच्च दायित्व है। जब पुलिस किसी बुजुर्ग के चेहरे पर मुस्कान ला सके, किसी दिव्यांग को सुरक्षा का भरोसा दे सके और किसी जरूरतमंद के मन से भय दूर कर सके, तभी पुलिस की वर्दी का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होता है।
थाना महुली पुलिस सदैव जनसेवा, जनविश्वास और मानवता के मूल्यों के साथ प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
