श्रावण सोमवार पर सुरक्षा की कमान एसपी ने खुद संभाली
रात में साकड़ा मोड़ और मूरतगंज पहुंचे सत्यनारायण, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को किया चेक
शिवालयों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई गई निगरानी, डायवर्जन स्थलों पर पुलिस की तैनाती; श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश
कौशाम्बी। जिले में श्रावण सोमवार को लेकर जिले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। प्रमुख शिवालयों और धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं प्रमुख मार्गों, चौराहों और डायवर्जन स्थलों पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण स्वयं देर रात तक जिले में भ्रमणशील रहे।
एसपी ने रात में महत्वपूर्ण डायवर्जन स्थल साकड़ा मोड़ और मूरतगंज पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चेक किया। उन्होंने मौके पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जानकारी लेते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। एसपी ने कहा कि श्रावण सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। डायवर्जन स्थलों पर अनावश्यक जाम न लगने देने और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
श्रावण सोमवार के अवसर पर जिले के प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। प्रमुख मंदिरों तक जाने वाले मार्गों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रात में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसपी के स्वयं भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में भी सक्रियता बढ़ी है। पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
