धर्मराज मौर्य ने किया कलश रथ यात्रा का स्वागत, बोले- संत रविदास ने दिखाई समरसता की राह
कौशाम्बी। जिले में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा के समरसता संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत काजू में भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कलश पूजन कर कलश रथ यात्रा का स्वागत किया। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने संत रविदास के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता और समानता का संकल्प लिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि संत रविदास का पूरा जीवन मानवता, समानता और सामाजिक भाईचारे के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज को जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने संत रविदास से जुड़ा प्रसिद्ध प्रसंग सुनाते हुए कहा कि एक बार गंगा स्नान के लिए जा रहे एक भक्त को संत रविदास ने अपनी ओर से एक दमड़ी गंगा मैया को अर्पित करने के लिए दी। मान्यता के अनुसार गंगा में दमड़ी अर्पित करते ही गंगा माता प्रकट हुईं और संत रविदास के लिए रत्नजड़ित स्वर्ण कंगन दिया।
कथा के अनुसार लालच में उस व्यक्ति ने कंगन राजा को दे दिया। महारानी ने दूसरा कंगन मांग लिया तो वह व्यक्ति घबराकर संत रविदास के पास पहुंचा। संत रविदास ने गंगा मैया का स्मरण कर अपनी कठौती के पानी में हाथ डाला और वैसा ही दूसरा कंगन निकाल दिया। इसी प्रसंग से ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ की कहावत प्रचलित होने की मान्यता है।
धर्मराज मौर्य ने कहा कि संत रविदास का संदेश केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक बराबरी और मानव कल्याण का मार्ग भी दिखाता है। उन्होंने लोगों से उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में भाईचारा और सद्भाव मजबूत करने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष भोलेशंकर कुशवाहा, विनीता गुप्ता, कोआपरेटिव चेयरमैन शिवमोहन मौर्य, मंडल अध्यक्ष राजन सरोज, कार्यक्रम संयोजक ऋषभ द्विवेदी, मंडल महामंत्री प्रमोद प्रजापति सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
