शामली पुलिस ने 50 हजार के इनामी काे मार गिराया, दाराेगा घायल
बदमाश की गोली से एक दारोगा भी घायल
वह कैराना थाना से हिस्ट्रीशीटर था
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में कांधला थाना पुलिस की शुक्रवार की सुबह 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। बदमाश की गोली से एक दाराेगा घायल हुआ है । फायरिंग में घायल बदमाश काे अस्पताल में मृत घाेषित कर दिया गया है। बदमाश के खिलाफ 33 अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। वह कैराना थाना से हिस्ट्रीशीटर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत थी।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब तीन बजे हाथी करौदा गांव के नरेंद्र अपने भाई नरेशपाल के साथ मोटर साइकिल से थाना आदर्श मण्डी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम जलालपुर स्थित खेतो में पानी लगाने जा रहे थे। तभी जलालपुर कट मुजफ्फरनगर हाईवे पर मोटरसाईकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर मोटर साइकिल की चाबी, मोबाइल फोन ओप्पो कम्पनी व 180 रूपये नगद छीन लिया। विरोध करने पर फायरिंग कर जानलेवा हमला कर भाग गये। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान थाना कांधला क्षेत्रान्तर्गत खन्द्रावली पुलिया के पास ट्यूबवेल पर थाना आदर्शमंडी व थाना कांधला पुलिस की संयुक्त टीम ने बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया। इस बदमाशों ने कार्बाइन से फायरिंग शुरू कर दी, उपनिरीक्षक दीपचंद घायल हो गये। पुलिस ने जवाब में गोली चलाई, जिसमें बदमाश घायल हो गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे व खड़ी फसल के फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया है । घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया कि बदमाश की पहचान शामली जिले के आलकला कस्बा निवासी महताब के रूप में की है। अभियुक्त महताब के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 180 रूपये, मोटर साइकिल की चाबी, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, कार्बाइन मय 07 जिंदा कारतूस व 08 खोखा कारतूस 9 एमएम बरामद हुए है ।
उसके अपराधिक इतिहास का जिक्र करते हुए एसपी ने बताया कि एक मार्च को उसने शामली क्षेत्रान्तर्गत ग्राम लिसाढ के जंगल में थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबन्धक अरविन्द कुमार से एक मोबाइल और पांच हजार रुपये लूटे थे। हरियाणा पुलिस में महिला आरक्षी ज्योति मलिक से कान के कुण्डल, नाक की बाली व एक अंगूठी लूट के मुकदमें में भी जनपद शामली से वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ जनपद शामली व सहारनपुर में लूट, डकैती, हत्या व रंगदारी के कुल 33 अभियोग पंजीकृत है। अभियुक्त महताब थाना कैराना का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। उस पर सहारनपुर के डीआईजी ने 50 हजार रुपये घोषित किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार अभियुक्त की तलाश में कॉम्बिंग की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
