रामलला के चढ़ावे पर मारा डाका: कूड़े के ढेर से निकली नोटों से भरी बोरी, राम मंदिर का कर्मचारी निकला चोर
अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से चढ़ावे की रकम चोरी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में छापेमारी कर करीब 10 से 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
चोरी का आरोप मंदिर के ही एक कर्मचारी लवकुश मिश्रा (27 वर्ष) पर लगा है। पुलिस और ट्रस्ट की टीम ने जब आरोपी के गांव में छापेमारी की, तो घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। गांव में चर्चा है कि आरोपी ने चोरी के पैसों को घर के बजाय गांव के एक 'घूर' (कूड़े के ढेर) में बोरी में भरकर छिपा रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
ये खबर भी पढ़े : कंपनी के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 2.5 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासाग्रामीणों के अनुसार, लवकुश पहले एक साधारण कार मिस्त्री था। करीब एक साल पहले शादी के बाद उसे मंदिर ट्रस्ट में नौकरी मिली थी और वह पिछले 5-6 महीनों से वहां काम कर रहा था। नौकरी मिलने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति तेजी से बदली थी। वह गांव आकर काफी पैसे खर्च करता था। उसके दादा भी अक्सर गांव वालों से कहते थे कि उनका नाती मंदिर में बहुत पैसा कमा रहा है और वह किसी को भी आसानी से दर्शन करवा सकता है।
इस घटना के बाद आरोपी के पिता बच्चूलाल ने सामने आकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वे गाजियाबाद में रहते थे और उन्हें इस पैसे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फैजाबाद में बन रहे उनके नए मकान को लेकर उन्होंने सफाई दी कि इस मकान का उनके बेटे से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इसके लिए अपनी 10-12 बीघा जमीन गिरवी रखी है। पिता ने स्पष्ट किया कि आरोपी बेटा जो पैसा लाया था, उसे अधिकारी ले गए हैं और अब उनका अपने बेटे से कोई मतलब नहीं है।फिलहाल पुलिस ने बरामद रकम को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
