सड़क निर्माण का हुआ ऐलान, डीएम वार्ता के बाद खत्म हुआ हड़ताल
किसानों के आगे झुका प्रशासन
मोहनलालगंज,लखनऊ। कुबहरा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर 22 दिनों से धरने पर बैठे किसानों के आक्रोश के आगे आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा। किसानों द्वारा 9 सितंबर को लोक निर्माण विभाग (PWD) के घेराव के ऐलान के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में नगराम पुलिस को धरना स्थल पर भेजा गया। किसानों के तेवर देखते हुए प्रशासन ने जिला मुख्यालय पर किसान प्रतिनिधिमंडल, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी विशाख जी के बीच वार्ता कराई। वार्ता के बाद प्रशासन ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज आकाश सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों को बताया कि जल्द ही सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू होगा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का डामरीकरण कराया जाएगा।

प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने 22 दिनों से चल रहे अपने आंदोलन को संघर्ष की जीत बताते हुए बुधवार शाम करीब चार बजे धरना समाप्त कर दिया गया। किसानों ने बताया कि लंबे समय से बदहाल पड़े मार्ग के कारण ग्रामीणों को बारिश के दिनों में आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी समस्या को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के नेतृत्व में लगातार 22 दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर एसडीएम मोहनलालगंज, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एसीपी आर.के. सिंह, थाना प्रभारी नगराम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
