मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के माधवखेड़ा व पुरसेनी में लखनऊ विकास प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए विभाग द्वारा सील किए गए दो भूखंडों की सील तोड़कर दोबारा कारोबार शुरू कर दिया गया। इस मामले में एलडीए के अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एलडीए जोन-2 के अवर अभियंता कुनाल कुमार गुप्ता ने मोहनलालगंज पुलिस को दी तहरीर में बताया कि माधवखेड़ा में 22 नवंबर 2025 को एक भूखंड को सील किया गया था। आरोप है कि दुर्गा ट्रेडर्स के मालिक नवल किशोर दूबे ने सील तोड़कर वहां व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं।
इसी तरह पुरसेनी में 29 नवंबर 2025 को सील किए गए भूखंड की भी सील तोड़कर अमन टाइल्स के मालिक अमन खान द्वारा कारोबार संचालित किया जा रहा था। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।