रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहे। मंगलवार देर रात उन्होंने सर्राफा व्यवसायी फाना त्रिवेदी के आवास पर व्यापारियों के साथ बैठक कर उनके कारोबार की स्थिति जानी और उनकी समस्याओं पर चर्चा की। भूएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह उन्होंने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण का आश्वासन दिया।
इसी दौरान समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश सचिव अखिलेश माही के नेतृत्व में राहुल गांधी को पत्र सौंपकर कारगिल युद्ध में शहीद हुए राजेंद्र यादव की स्मृति में उनकी प्रतिमा या द्वार स्थापित कराने की मांग की।
इस दौरान राहुल निर्मल, ऋषभ सेन, रविंद्र सिंह व बृजेश यादव शामिल थे। वहीं भूए मऊ गेस्ट हाउस में राहुल गांधी ने सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो एंबुलेंस तथा बिजली व्यवस्था के लिए स्वचालित ट्रांसफार्मरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान अमेठी सांसद शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।