उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी कारागार से फरार, जेल वार्डर समेत सात कर्मचारी निलंबित
बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से सोमवार दोपहर काे उम्रकैद की सजा काट रहे बंदी फरार हाे गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई अधिकारी केंद्रीय कारागार पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
इस लापरवाही के चलते जेल जेल वार्डर समेत सात कर्मचारियाें काे निलंबित कर दिया है। केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक अविनाश ने बताया कि फरार कैदी की पहचान अमराेहा जिले के नेनेडा राजपूत निवासी दिनेश के रूप में हुई है।
दिनेश बिजनौर जिले के एक पॉक्सो एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह करीब छह साल से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था। सोमवार को दिनेश को विशेष पर्ची के आधार पर जेल परिसर से बाहर निकाला गया था।
उसके साथ अन्य बंदियों को भी काम के लिए बाहर ले जाया गया था। इसी दौरान मौका पाकर दिनेश सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। काफी समय तक कैदी के नहीं मिलने पर जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे जेल अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की समीक्षा की। एसएसपी ने बताया कि फरार कैदी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी उसकी तलाश की जा रही है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
वहीं, जेल प्रशासन ने मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए जेल वार्डर विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, मुकेश कुमार और मोहित कुमार समेेत सात कर्मचारियाें काे निलंबित कर दिया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
