यूपी में महिलाओं को 50-50 हजार देने की तैयारी, चुनाव से पहले मिलेगी 20,000 की किस्त!
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया दावा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला आबादी को साधने की कोशिश में हर सियासी दल लगा हुआ है. इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि योगी सरकार महिलाओं को 20,000 रुपये देने की योजना बना रही है.
सपा चीफ ने अपने इस दावे से संदर्भ में कहा है कि सरकार से महिलाएं पैसा कभी नहीं लेंगी. सोशल मीडिया साइट एक्स पर अखिलेश ने लिखा कि समाचार : बीजेपी का एक और जुमला यूपी की महिलाओं को देंगे 20,000.
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम ने लिखा कि बीजेपी के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है. वो भी बीजेपी की पाप की कमाई है, जिसे उप्र की धर्म भीरू महिलाएं कभी नहीं लेंगी. उप्र की जागरूक महिलाएं पूछ रही हैं जिन दूसरे राज्यों में महिलाओं को पैसे देने की घोषणा करके चुनाव जीता था, वहाँ एक तरफ तो देने से आनाकानी कर रहे हैं, दूसरी तरफ पैसे वापस माँग रहे हैं, और जो लौटा नहीं पा रही हैं, उन महिलाओं पर बीजेपी थाने-कचहरी, पुलिस-मुकदमे की निंदनीय कार्रवाई कर रही है.
'प्रचार पर खर्च करके सबको ठेंगा दिखा दिया...'
कन्नौज सांसद ने लिखा कि देखा जाए तो आज जिस 50,000 रुपये सालाना पैसे देने की बात बीजेपी सरकार कर रही है वो पैसे पिछले 10 साल में भी दे सकती थी, पर दिया नहीं. मुख्यमंत्री ने उप्र की महिलाओं के हक-अधिकार के हजारों करोड़ रुपये अपने प्रचार पर खर्च करके सबको ठेंगा दिखा दिया.
सपा चीफ ने लिखा कि 50 हजार रुपये हर साल के हिसाब से बीजेपी की भ्रष्ट सरकार पिछले 10 साल में महिलाओं के हिस्से का 5 लाख रुपया खा गई और अब केवल 20 हजार देने का जुमला परोस रही है. 20 हजार रुपया तो 5 लाख रुपये का केवल 4% हुआ, इसका मतलब ये बीजेपीई महिलाओं के हक का 96% डकार गये. 80:20 की बात करनेवालों ने तो 96:4 करके भ्रष्टाचार का सुपर रिकॉर्ड बना दिया.
'4 लाख 80 हजार बकाया
उन्होंने लिखा कि अगर जुमले वाले 15 लाख रुपये छोड़ भी दें और बीजेपी चुनाव में लड़ता दिखने के लिए 20 हजार दे भी दे, तो भी जनता का बीजेपी सरकार पर 4,80,000 रुपये का बकाया निकलता है.
अखिलेश ने लिखा कि जनाक्रोश के डर से आज बीजेपी के नेता, संगी-साथी, कार्यकर्ता, समर्थक, झंडे-बैनर सब डर के मारे भूमिगत हो गये हैं. यहाँ तक कि बीजेपी से अब कोई टिकट भी नहीं लेना चाहता है. मंदिर में चोरी और बच्चों पर हमले के बाद बीजेपी के पास न तो नैतिकता बची, न साहस इसीलिए वो पैसे का सहारा ले रहे हैं.
सपा चीफ ने दावा किया कि सपा की सरकार आई तो 40,000 रुपये मिलेंगे. उन्होंने लिखा कि हम 40000 से करेंगे शुरुआत, जिसमें ‘बढ़ोतरी’ होगी हर साल!
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
