शीतला धाम से बोलेरो चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
चोरी की बोलेरो बरामद, इंजन-चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बिहार में बेचने की थी तैयारी
कौशाम्बी। जिले के कड़ाधाम थाना क्षेत्र स्थित शीतला धाम मंदिर के पास से श्रद्धालु की बोलेरो चोरी करने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित चोरी की बोलेरो को इंजन व चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर फर्जी नंबर प्लेट के साथ बिहार में बेचने ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन बरामद कर आरोपितों के कब्जे से गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग भी जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी थाना क्षेत्र के चरैया निवासी सत्यप्रकाश पाण्डेय गंगा स्नान व शीतला धाम मंदिर दर्शन के लिए किराये की बोलेरो (यूपी-79 एम-9354) से आए थे। हनुमान घाट बैरियर के आगे पानी की टंकी के पास खड़ी उनकी बोलेरो अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। काफी तलाश के बाद वाहन का पता न चलने पर कड़ाधाम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने तत्काल कई टीमों का गठन कर शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बोलेरो को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बिहार के बक्सर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने थाना नरही (जनपद बलिया) क्षेत्र के उजियार गांव के पास संदिग्ध बोलेरो को घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रतापगढ़ के बाघराय थाना क्षेत्र के शिवनी का पुरवा निवासी प्रदीप कुमार मिश्रा, बिहार के बक्सर जनपद के तुर्कपुरवा निवासी मोहम्मद शाहजहां खान तथा इटाढ़ी निवासी अनूप कुमार सिन्हा के रूप में हुई। उनके कब्जे से चोरी की बोलेरो भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में मुख्य आरोपित प्रदीप कुमार मिश्रा ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शीतला माता मंदिर के पास से बोलेरो चोरी की थी। चोरी के बाद वाहन की पहचान छिपाने के लिए इंजन व चेसिस नंबर में छेड़छाड़ की गई और फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई। आरोपितों ने बताया कि वे चोरी के वाहनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिहार और आसपास के राज्यों में बेचते थे।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वर्ष 2025 से कड़ाधाम क्षेत्र स्थित शीतला माता मंदिर के आसपास से कई बोलेरो वाहन चोरी कर बिहार में बेचे जा चुके हैं। गिरोह चोरी के वाहनों की पहचान मिटाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट, टेम्पर किए गए इंजन व चेसिस नंबर तथा फर्जी पंजीकरण प्रमाण-पत्र का इस्तेमाल करता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई वाहन चोरियों के संबंध में भी गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
