पराग उत्पादों की पैकेजिंग को आकर्षक बनाया जाए : काबीना मंत्री
पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने की विभागीय समीक्षा
- एसीएस मुकेश कुमार मेश्राम ने अधीनस्थ अधिकारियों को दिये अहम निर्देश
लखनऊ। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को विधान भवन स्थित कक्ष में विभागीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि गौशालाओं में गोवंश के लिए हरा चारा, भीषण वर्षा से बचाव व संक्रामक रोगों से सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
तय अवधि में ही संक्रामक रोगों से बचाव के लिये टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्य पूरे किये जाए। पशुपालकों को पशुपालन से आय बढ़ाने के लिए उत्तम नस्ल की देशी गौवंश पालन को प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित जनपदों में पशुधन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
पशुधन मंत्री ने कहा कि गो-आश्रय स्थलों में चारे की पर्याप्त उपलब्धता करायी जाये। गोआश्रय स्थलों की उपलब्ध भूमि पर हरा चारा उगाने तथा किसानों के सहयोग से चारा उत्पादन को बढ़ावा दिया जाये। गो-आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और वहां संरक्षित गोवंश के खान-पान, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। पराग उत्पादों की पैकेजिंग को आधुनिक एवं आकर्षक बनाते हुए उसमें आवश्यक सुधार किए जाएं।
अपर मुख्य सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास मुकेश कुमार मेश्राम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश संरक्षण एवं पशुपालकों के हित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए गो-आश्रय स्थलों पर चारा-पानी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनाए रखें। बैठक में विशेष सचिव राम सहाय यादव, दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के., प्रबंध निदेशक पीसीडीएफ प्रकाश बिंदु, पशुपालन विभाग के निदेशक (प्रशासन एवं विकास) डॉ राजेंद्र प्रसाद, निदेशक (रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र) डॉ. संगीता तिवारी, पशुधन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पीके. सिंह सहित अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
