नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए राजभवन में नुक्कड़ नाटक
भारत सरकार के दो मंत्रायलों ने ने किया आयोजन
- नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान के तहत आयोजन
लखनऊ। सोमवार राजभवन में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने एवं समाज में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया।
इस अभियान के तहत 23 अगस्त, 2026 से 18 अक्टूबर, 2026 तक प्रत्येक रविवार को लखनऊ स्थित विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों द्वारा जन भवन में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ से संबद्ध एफ.आई. कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बी.एससी. नर्सिंग 7वें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थय को गंभीर रूप से प्रभावित करती है और कई बार यह जानलेवा भी साबित होती है। नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार में तनाव और कलह की स्थिति उत्पन्न होती है तथा परिवार के बच्चे भी इसके नकारात्मक प्रभावों से प्रभावित होकर नशे की ओर बढ़ सकते हैं।
विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि नशे की लत युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थय के साथ-साथ उनकी शिक्षा, रोजगार और पूरे भविष्य को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से स्वयं दूर रहें, अपने साथियों को भी नशे से बचाएं और स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी, जन भवन परिसर में निवासरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवारजन एवं बच्चे तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
