जैन मंदिर से 15 लाख की अष्टधातु प्रतिमा चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
ऐशबाग स्थित जैन मंदिर से भगवान अनंतनाथ की प्रतिमा समेत पंचमेरू, चांदी के सिंहासन और नकदी चोरी हुई थी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बाजारखाला थाना पुलिस ने सोमवार को जैन मंदिर में हुई चोरी का 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अष्टधातु की प्रतिमा सहित 15 लाख रुपये की चोरी की गई अष्टधातु प्रतिमा के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि 20 अगस्त की रात आटा मिल परिसर मिल रोड ऐशबाग स्थित जैन मंदिर चैत्यालय से भगवान अनंतनाथ की अष्टधातु प्रतिमा, पांच पंचमेरू, चांदी के सिंहासन, छत्र और नकदी चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना बाजारखाला पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपित सीतापुर जिले के जहांसापुर निवासी संजय शुक्ला को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने विभूतिखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित 06 महीने पहले आटा मिल में सिक्योरिटी गार्ड था और मंदिर की भी देखभाल करता था। उसी दौरान उसे मंदिर के कीमती सामान की जानकारी हुई। नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने यूट्यूब से ताला खोलना सीखा और पेट्रोल, सिरिंज और प्लास लेकर वारदात को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान भगवान अनंतनाथ की एक पीली धातु की प्रतिमा, पांच पंचमेरू सफेद धातु, पांच सिंहासन छत्र, एक सिंहासन और 1231 रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। आरोपित पर पहले भी चोरी और गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है।-
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
