कुदरत का न्याय : जिन बच्चों का अपहरण हुआ वह बच गये, तीनों अपहरणकर्ता मारे गए
बरेली। एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक चौंकाने वाले अपहरण कांड का पर्दाफाश कर दिया। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो कार खड़े टैंकर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन अपहरणकर्ताओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि इसमें सुखद यह रहा कि जिन बच्चों का अपहरण किया गया था, वह सकुशल बच गए।
शुरुआती तौर पर यह मामला सामान्य दुर्घटना लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में कहानी पूरी तरह बदल गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से दो छोटे बच्चे घायल और अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा एक तमंचा भी बरामद हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि ये बच्चे गुरुग्राम के रहने वाले हैं और उनका अपहरण किया गया था। बच्चों की मां ने पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और परिवार को धमकी भरे फोन भी आ रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मारे गए तीनों लोग अपहरणकर्ता थे, जो बच्चों को लेकर भाग रहे थे। इस घटना को लोग कुदरत के न्याय के रूप में देख रहे हैं, जहां गुनहगारों का अंत हो गया और मासूम बच्चों की जान बच गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
