तिरंगे के रंग में रंगा नगराम, भारत माता के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
भाजपा की तिरंगा बाइक रैली में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, हाथों में तिरंगा लेकर निकले सैकड़ों कार्यकर्ता
मोहनलालगंज,लखनऊ। मोहनलालगंज व नगराम क्षेत्र में मंगलवार को देशभक्ति का जोश और उत्साह देखते ही बना। मोहनलालगंज मंडल अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह, मोनू , राजकुमार पाण्डेय, वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता पुष्पेन्द्र पासी व पूर्व मंडल अध्यक्ष श्याम प्यारी के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा बाइक रैली निकाली। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से नगराम क्षेत्र का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर शामिल हुए।नगराम कस्बे से शुरू हुई तिरंगा बाइक रैली में कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के अन्य जयघोष किए। जैसे-जैसे रैली आगे बढ़ी, मार्ग पर तिरंगा लहराते बाइक सवारों का काफिला आकर्षण का केंद्र बना रहा। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं के उत्साह और देशभक्ति के जज्बे ने राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा।तिरंगा बाइक रैली नगराम कस्बे से निकलकर करोरा, समेसी होते हुए नवीनगर भट्ठा चौराहे तक पहुंची।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने तिरंगा लहराते कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। नवीनगर भट्ठा चौराहे पर पहुंचने के बाद रैली का समापन किया गया।वरिष्ठ भाजपा नेता पुष्पेन्द्र पासी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम प्रत्येक नागरिक के दिल में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं और आमजन में देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है तथा राष्ट्र की एकता व अखंडता का संदेश समाज तक पहुंचता है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष श्याम प्यारी ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना हर नागरिक के भीतर होनी चाहिए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरे अनुशासन के साथ भाग लिया और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
तिरंगा बाइक रैली में भाजपा उपाध्यक्ष मान सिंह वर्मा, महामंत्री सुभाष कुमार लोधी, उपाध्यक्ष सुरेश चन्द्र मिश्रा, महेन्द्र वर्मा समेत भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। रैली के दौरान लगातार गूंजते ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से मोहनलालगंज व नगराम से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
