बच्चों से भरी स्कूली वैन गड्ढे में पलटी, दो घायल, बच्चे सहमे
10 मासूम बाल-बाल बचे, दो घायल; हादसे के बाद चालक फरार
- नगराम क्षेत्र के कमलापुर बिचलिका में 13 साल पुरानी वैन बिना फिटनेस और ट्रांसफर के बच्चों को ढोने में लगी थी, स्कूल प्रबंधन की लापरवाही हुई उजागर
मोहनलालगंज , लखनऊ। नगराम क्षेत्र के कमालपुर बिचलिका स्थित एम.एल. बाल विद्या मंदिर की स्कूली वैन सोमवार को छुट्टी के बाद तमोरिया गांव के बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। कमालपुर बिचलिका-कुबहरा के कच्चे मार्ग पर पानी भरे गहरे गड्ढे में टायर पड़ते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे खड्ड में जा गिरी। हादसे के बाद वैन में सवार मासूम बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
गनीमत रही कि हादसे के समय खड्डे में पानी कम था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।हादसे के बाद चालक जसकरन निवासी कमालपुर बिचलिका वैन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उधर से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
राहगीरों ने हादसे की सूचना बच्चों के परिजनों और पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को अपने साथ घर ले गए। हादसे के बाद बच्चे बुरी तरह सहम गए। कई बच्चों के स्कूल बैग और किताबें पानी में भीगकर खराब हो गईं।
हादसे में दो बच्चे मामूली घायल....
दुर्घटना के समय वैन में तमोरिया गांव के आर्यन (5), लक्ष्मी (9), शौर्य साहू (6), कार्तिक (6), शिवांशू (6), सौरभ (6), पलक (8), ऋषि (6), रुद्र (8) और ईशी (6) समेत करीब दस बच्चे सवार थे। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में आर्यन और लक्ष्मी को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी बच्चे सकुशल हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
