रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान व नारकोटिक्स के बीच एमओयू साइन
दो प्रमुख सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों के मध्य सहयोग बढ़ाने को अहम कदम: डीजी आईआरआईटीएम
- एमओयू के समय अपर निदेशक समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
लखनऊ। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम-इरिटम), लखनऊ तथा राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर एवं नारकोटिक्स अकादमी (एनएसीआइन) आंचलिक परिसर लखनऊ के मध्य सोमवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू पर नेहा लाल, अपर निदेशक, एनएसीआइन, आंचलिक परिसर, लखनऊ तथा कृष्णा तिवारी, प्रो. (प्रशासन), आईआरआईटीएम लखनऊ ने वेद प्रकाश शुक्ला, प्रधान अपर महानिदेशक, एनएसीआइन की गरिमामयी उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
यह एमओयू क्षमता निर्माण, संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रमों, मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत विभिन्न पहलों, संसाधनों के साझा उपयोग तथा संयुक्त प्रशिक्षण आवश्यकता आंकलन व पाठ्यक्रम विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक व्यापक रूपरेखा प्रदान करता है।
इसके अतिरिक्त, सुशासन, लोक नीति, प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, खरीद(प्रोक्योरमेंट) तथा अन्य पारस्परिक रुचि के विषयों पर व्याख्यान, संगोष्ठी, कार्यशाला, पैनल चर्चा, सेमिनार, वेबिनार एवं अन्य शैक्षणिक तथा व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों के संयुक्त आयोजन का भी प्रावधान किया गया है।
यह सहयोग भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहित करने, दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता एवं आधारभूत संरचना के साझा उपयोग तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं एवं वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप नवोन्मेषी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संयुक्त विकास को भी बढ़ावा देगा।
आईआरआईटीएम के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने इस एमओयू को देश के दो प्रमुख सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों के मध्य सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी संस्थागत क्षमता निर्माण को सशक्त बनाएगी, ज्ञान एवं सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करेगी तथा प्रशिक्षण पद्धतियों में नवाचार को बढ़ावा देगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
