मऊ तहसील में जनसामान्य को स्वरोजगार योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
आनंद मिश्रा
- मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और PMEGP की जानकारी से लाभार्थियों को किया जागरूक
मऊ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में जनपद मऊ की तहसील मधुबन में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जनपद के इच्छुक युवाओं, कारीगरों एवं उद्यम स्थापित करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को विभागीय स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना था।
जागरूकता शिविर में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) तथा प्रजापति समाज एवं कुम्हारी कार्य से जुड़े कारीगरों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, अनुदान एवं ऋण संबंधी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक पवन कुमार मिश्र, खादी संस्था मऊ के सुरेश यादव, ब्रह्मानन्द सिंह, रामकृत मौर्य, विजुली यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा उनके प्रश्नों का समाधान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमिता श्रीवास्तव की उपस्थिति में किया गया। उन्होंने कहा कि शासन की स्वरोजगार योजनाओं का उद्देश्य युवाओं एवं पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
