AIR-294 प्राप्त शिवम मणि त्रिपाठी सहित मेधावियों का भव्य सम्मान
बस्ती - सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामबाग, बस्ती में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उत्साहपूर्वक अभिनंदन करते हुए उनके अभिभावकों के समर्पण एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी सम्मान किया।समारोह का मुख्य आकर्षण शिवम मणि त्रिपाठी रहे, जिन्होंने NEET-2026 में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 294 प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद बस्ती का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया। इसके अतिरिक्त रमित पाण्डेय, अमर सिंह, आशुतोष, शशि भूषण त्रिपाठी, रमन वर्मा, शाश्वत पाण्डेय एवं संतोष मिश्रा को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके अथक परिश्रम, अनुशासित अध्ययन, अभिभावकों के सतत सहयोग तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, संवेदनशीलता एवं नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के ये मेधावी विद्यार्थी चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देकर समाज, राष्ट्र तथा विद्यालय का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
