कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के स्वागत से संगठन विस्तार का संदेश
राष्ट्रीय लोकदल कार्यालय में शुरू हुई नई परंपरा: मंच पर आने से पहले भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को दिया सर्वोच्च सम्मान
- ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ हुआ भव्य स्वागत
- कार्यकतार्ओं में उत्साह और हर्ष की लहर
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत एक नई संगठनात्मक परंपरा के साथ हुई। मुख्य मंच पर कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रदेश कार्यालय परिसर में स्थापित भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा को सजाया गया और अनुपम मिश्रा ने सर्वप्रथम माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ही मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यकतार्ओं ने इसे राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा और चौधरी चरण सिंह के प्रति सर्वोच्च सम्मान का प्रतीक बताया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा उत्तर प्रदेश का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद पहली बार प्रदेश मुख्यालय पहुंचे अनुपम मिश्रा का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। वह अपने महानगर स्थित आवास से समर्थकों और कार्यकतार्ओं के विशाल काफिले के साथ प्रदेश कार्यालय पहुंचे। रास्ते में कई स्थानों पर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।
अपने संबोधन में अनुपम मिश्रा ने कहा कि जयंत चौधरी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह पद नहीं, बल्कि लाखों कार्यकतार्ओं की अपेक्षाओं की जिम्मेदारी है। संगठन को मंडल, जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। वरिष्ठ कार्यकतार्ओं के अनुभव और युवाओं के उत्साह के समन्वय से संगठन को नई दिशा दी जाएगी। किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने का अभियान तेज किया जाएगा।
मयंक त्रिवेदी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत समारोह नहीं, बल्कि राष्ट्रीय लोकदल की मूल विचारधारा और चौधरी चरण सिंह के प्रति सम्मान की नई परंपरा का प्रतीक है। प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल ने कहा कि अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में संगठन में नई ऊर्जा आएगी। राष्ट्रीय लोकदल छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडेय ने विश्वास जताया कि बड़ी संख्या में युवा पार्टी से जुड़ेंगे और संगठन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, अंकुर सक्सेना, इजहार अली, बी.एल. प्रेमी, अंबुज पटेल, महेश पाल धनगर, चौधरी राम सिंह पटेल, पी.के. पाठक, रविंद्र निमेष, श्रीश चंद्र, सत्य प्रकाश तिवारी, सरताज मालिक, डॉ. सत्येंद्र सिंह, सम्राट चौहान, अशोक तिवारी, डॉ. सर्वेश त्रिपाठी, विजय श्रीवास्तव, शिवप्रसाद द्विवेदी, गणेश प्रसाद, शैलेश सिंह, रमेश कश्यप और माया देवी सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कार्यालय ‘जयंत चौधरी जिंदाबाद’ और ‘राष्ट्रीय लोकदल जिंदाबाद’ के नारों से गूंजता रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
