ट्रेन छूटी कहकर टूटा संपर्क, फिर नहर में मिला शव; गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस...
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार की शाम शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नगला प्रभु गांव के पास भुड़ा नहर में दो शव उतराते हुए दिखाई दिए.
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया और पहचान की कोशिश शुरू की.
युवक की पहचान एटा जिले के सेनुआ गांव के रहने वाले 26 साल के जितेंद्र के रूप में हुई. उसके पास मिले आधार कार्ड और पर्स से पुलिस ने शिनाख्त की.
ये खबर भी पढ़े : रायबरेली: बदमाशों ने सर्राफ़ा व्यवसायी को मारी गोली , सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फ़रारजब पुलिस ने परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि जितेंद्र मुंबई में अपने भाई के साथ शटरिंग मजदूर का काम करता था. वह बुधवार को घर से मुंबई जाने के लिए निकला था.
परिजनों के मुताबिक, रास्ते में जितेंद्र ने फोन कर बताया था कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका. परिवार लगातार फोन मिलाता रहा, लेकिन मोबाइल बंद आता रहा. अब नहर से उसका शव मिलने के बाद परिवार सदमे में है.
लेकिन इस कहानी में एक और किरदार है. उसी नहर से एक महिला का शव भी बरामद हुआ. बाद में उसकी पहचान 28 वर्षीय फूलन देवी के रूप में हुई, जो जसराना क्षेत्र के नगला फकीरा गांव की रहने वाली थी.
अब सवाल यही है कि क्या जितेंद्र और फूलन देवी एक-दूसरे को जानते थे? अगर जानते थे तो दोनों एक साथ नहर तक कैसे पहुंचे? और अगर नहीं जानते थे, तो फिर दोनों के शव एक ही जगह कैसे मिले?
क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और मामले की असली तस्वीर साफ हो सकेगी.
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच कोई संबंध था या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला हादसे का है, आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ही बताएगी कि यह महज संयोग था या फिर इसके पीछे कोई ऐसी कहानी है, जो अभी सामने आना बाकी है.
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
