शराब पार्टी बनी खूनी खेल, एक दोस्त ने दूसरे का बहाया खून; हत्यारोपित गिरफ्तार
यूपी के जालौन जिले का मामला
- शराब के नशे में हुए विवाद में मारपीट, गंभीर घायल मजदूर ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
उरई। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शटरिंग का काम करने वाले एक मजदूर की शराब के नशे में हुए विवाद में मारपीट में गंभीर रूप से घायल मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपित साथी मजदूर को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव, निवासी ग्राम भदेख, थाना कुठौंद, हाल निवासी गोरमी (जिला भिंड, मध्य प्रदेश) ने 26 जुलाई को कोतवाली उरई में तहरीर देकर बताया कि उनके छोटे भाई गुड्डू उर्फ अरुण कुमार (52 वर्ष) उरई के नया पटेल नगर में किराए के मकान में रहकर शटरिंग का कार्य करते थे। उनके साथ प्रशांत विश्वास, निवासी ग्राम टेंगराखल, थाना हंसखली, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) भी रहता था और दोनों साथ में काम करते थे। तहरीर के अनुसार, 24 जुलाई की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी प्रशांत विश्वास ने लकड़ी की फंटी से गुड्डू उर्फ अरुण कुमार के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, बाद में गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान 26 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
मृतक की मौत के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित प्रशांत विश्वास पुत्र नारायण विश्वास को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपिती ने स्वीकार किया कि वह और गुड्डू दोनों साथ रहते थे और शटरिंग का काम करते थे। घटना वाली रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में गुस्से में उसने लकड़ी की फंटी से हमला कर दिया था। सीओ राजीव शर्मा ने बताया कि प्रशांत विश्वास और मृतक गुड्डू दोनों साथ में काम करते थे उन दोनों के बीच शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ आवेश में आकर प्रशांत ने गुड्डी पर हमला कर दिया। घायल गुड्डू की इलाज के दौरान मौत हो गई पुलिस ने हत्यारोपित को हिरासत में ले लिया है।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
