ससुराल की प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने गला काटा, पुलिस कर रही जांच
कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के नरवल क्षेत्र में ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने रविवार को मायके में चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
नरवल निवासी रुखसाना की शादी करीब 16 वर्ष पहले बांदा के मर्दन नाका निवासी यासीन से हुई थी। उनकी 11 वर्षीय बेटी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति यासीन, सास जिजरत, ससुर इमाम बख्श और देवर हसीन उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
आरोप है कि 10 जनवरी 2025 को मारपीट के बाद रुखसाना को ससुराल से निकाल दिया गया था। उसके जेवर, कपड़े और अन्य स्त्रीधन भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया। तब से वह अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। लगातार तनाव से टूटकर उसने रविवार तड़के यह कदम उठा लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन पहुंचे और तत्काल अस्पताल ले गए।
रुखसाना की मां मुनीरन ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई, स्त्रीधन वापस दिलाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। तहरीर प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
