गंगा बैराज पर पुलिस का शिकंजा, बिना नम्बर प्लेट और संदिग्ध वाहनों की हुई सघन जांच
चौकी प्रभारी मान सिंह के नेतृत्व में चला विशेष चेकिंग अभियान, फैंसी नम्बर प्लेट और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, दस्तावेजों का भी हुआ सत्यापन
उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र की गंगा बैराज चौकी पर रविवार को चौकी प्रभारी मान सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बैराज मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस की सक्रियता से वाहन चालकों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नम्बर प्लेट, फैंसी नम्बर प्लेट, नम्बर प्लेट पर स्टिकर लगाकर नम्बर छिपाने वाले तथा नियमों के विपरीत नम्बर प्लेट लगे वाहनों को रोककर जांच की। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई और मानक नम्बर प्लेट लगाने की सख्त हिदायत दी गई।पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ वाहनों की तलाशी भी ली, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। चौकी प्रभारी मान सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के मद्देनज़र यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि बिना नम्बर प्लेट या नियमों के विपरीत नम्बर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में छह वर्षों का अनुभव रखने वाले मनीष तिवारी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के उन्नाव ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उन्नाव में आधारित रहते हुए वह क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग और सटीक कवरेज करते हैं।
